जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद का निधन
नई दिल्ली, 7 जनवरी। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद का गुरुवार तड़के निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
वह पिछले कुछ समय से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती थे।
मुफ्ती मुहम्मद सईद जम्मू और कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष थे। वे भारत के गृहमंत्री भी रह चुके हैं।
उन्हें बीते 24 दिसंबर को फेफड़ों में संक्रमण के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उनके पार्थिव शरीर को श्रीनगर ले जाया जाएगा।
सईद दो बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2002 में उन्होंने पहली बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। इसके बाद 1 मार्च 2015 को वे जम्मू-कश्मीर के 12वें मुख्यमंत्री बने। 1989 से 1990 के बीच सईद देश के गृह मंत्री भी रहे।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'जम्मू-कश्मीर के सीएम मुफ़्ती मोहम्मद सईद के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं. जम्मू-कश्मीर और देश को दी गई उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।'
No comments:
Post a Comment