Wednesday, January 6, 2016

पठानकोट एयरबेस में तलाशी अभियान जारी, जायजा लेने आज पहुंचेगी NIA की टीम


पठानकोट :आतंकी हमले के कारण चार दिन तक बंधक बने रहे पठानकोट वायुसैन्य अड्डे को पूरी तरह खंगाल लेने के लिए तलाशी अभियान आज जारी है और अब सभी की नजरें आतंकी हमले की जांच पर केंद्रित हो गई हैं। एनआईए के प्रमुख घटनास्थल का जायजा लेने के लिए यहां पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा अधिकारियों ने आज कहा कि एयरबेस पर तलाशी अभियान एक या दो दिन और जारी रह सकते हैं। यहां हुए आतंकी हमले में सात सुरक्षाकर्मी और छह आतंकी मारे गए थे।
रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कल कहा था कि ‘इस समय किसी आतंकी के अंदर होने का संदेह नहीं है। फिर भी जब तक तलाशी अभियान पूरे नहीं हो जाते, तब तक मैं कोई नकारात्मक रिपोर्ट नहीं दूंगा। तलाशी अभियान कल तक पूरे हो सकते हैं।’ पर्रिकर ने कहा था कि तलाशी अभियान सुरक्षा से जुड़े उद्देश्यों के लिए चलाए जा रहे हैं क्योंकि वहां युद्धक सामग्री के अलावा जिंदा, अविस्फोटित बम हैं।

उन्होंने कहा था, ‘संभवत: वे उच्च गुणवत्ता वाले विस्फोटक लेकर आए थे।’ उन्होंने कहा था कि आतंकियों के पास एके47, परिष्कृत अंडर ग्रेनेड बैरल लॉन्चर, पिस्तौलें, स्विस और कमांडो चाकू, 40-50 किलो गोलियां और तीन-चार दर्जन मैगजीन एवं मोर्टार थे।
पर्रिकर ने यह भी घोषणा की थी कि हमले के दौरान मारे गए सभी सात सुरक्षाकर्मियों को शहीद का दर्जा दिया जाएगा और इसके चलते उन्हें युद्ध जैसी स्थिति में ‘हताहत’ होने वालों को मिलने वाले सभी लाभ दिए जाएंगे। इस घटनाक्रम में अब ध्यान जांच पर केंद्रित हो गया है और आतंकवाद रोधी जांच एजेंसी एनआईए के प्रमुख शरद कुमार दोपहर के समय घटनास्थल का जायजा लेने के लिए यहां पहुंचेंगे।
 For more news you can follow us on facebook,Twitter,google pluse, and instagram

No comments:

Post a Comment