Wednesday, January 6, 2016

स्वामी का दावा, दिसंबर में शुरू हो जाएगा राम मंदिर का निर्माण


भाजपा नेता सुब्रह्माण्यम स्वामी ने दावा किया है कि इस साल के अंत तक अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नौ जनवरी को इस संबंध में कार्ययोजना जारी कर दी जाएगी। हालांकि, स्वामी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि मंदिर का निर्माण किसी आंदोलन के जरिये नहीं किया जाएगा। अदालती आदेश और हिंदुओं व मुसलमानों की आपसी सहमति से यह काम किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अगस्त-सितंबर तक इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ जाएगा।
बुधवार को विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए स्वामी ने कहा कि अगले दो-तीन महीनों में हमें मंदिर निर्माण कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है। नहीं तो साल के आखिर तक यह काम जरूर शुरू हो जाएगा। उनसे पूछा गया कि यह फैसला अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए तो नहीं लिया गया है? इस पर स्वामी ने कहा कि श्रीराम का मामला हिंदुओं के लिए आस्था और विश्वास का है। अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए हर हिंदू प्रतिबद्ध है। श्रीराम को चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदुओं और मुसलमानों के बीच इस मुद्दे के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। स्वामी ने बताया कि इस मुद्दे पर दिल्ली विश्वविद्यालय में दो दिन का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान लगभग तीन सौ विद्वान, शिक्षाविद और पुरातत्वविद इस मसले पर चर्चा करेंगे।

No comments:

Post a Comment