Thursday, January 7, 2016

पुलिस लापरवाही से गई इंजीनियरिग के छात्र की जान, तीन पुलिसकर्मी निलंबित


मध्यप्रदेश के इंदौर में इंजीनियरिंग छात्र सौरभ की मौत के मामले में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक ने आज एक सहायक उपनिरीक्षक सहित दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि आज मृतक सौरभ निवासी भगीरथपुरा के परिजन ने घटना के संबंध में शिकायत की है। जिस पर प्रथम दृष्टया दोषी पाये गए विजय नगर थाने के एक सहायक उपनिरीक्षक और दो सिपाहियों को जाँच अवधि तक निलंबित कर दिया गया है। श्री सिंह ने बताया प्रकरण की जाँच कराई जा रहीं है। जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक सौरभ के भाई संदीप सूर्यवंशी ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि 31 दिसंबर को नए वर्ष का जश्न मनाकर उनका भाई सौरभ घर लौट रहा था। इस बीच विजय नगर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में वह घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे विजयनगर पुलिस थाना के एक सहायक उपनिरीक्षक और दो सिपाही उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के पूर्व ही उसे छोड़ कर निकल गए। कुछ देर बाद जब सौरभ को होश आया तब वह अस्पताल से भाग निकला। सौरभ को उपचार के लिए ले जाने वाले पुलिसकर्मियों ने घटना वाले दिन सौरभ का मोबाइल रख लिया था। इस कारण परिजन का उससे संपर्क नहीं हो पाया। कल सौरभ का शव परिजन को एमवाय से मिला था।

For more news you can follow us on facebook,Twitter,google pluse, and instagram

No comments:

Post a Comment